चंडीगढ़। हल्लोमाजरा गांव में पोस्ट ऑफिस के पास की एक गली में पिछले तीन दिनों से पानी की सप्लाई ठप होने से करीब दो दर्जन मकानों में रहने वाले 100 से ज्यादा लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी के लिए सुबह परिवारों के एक-दो सदस्य बाल्टियां लेकर दूसरे मोहल्लों का रुख कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगह पानी भरने से रोका जाता है और गाली-गलौज तक की स्थिति बन जाती है। ऐसे में किसी तरह खाना बनाने के लिए पानी जुट पा रहा है। पानी की कमी के कारण लोगों को सार्वजनिक शौचालय का इस्तेमाल करने को भी मजबूर होना पड़ रहा है।
कुलदीप सिंह ने बताया कि गांव में कई लोगों ने किराये पर देने के लिए 10-10 कमरों के मकान बनाए हैं। एक मकान में परिवारों समेत 30 से अधिक लोग रहते हैं। पिछले तीन दिनों से पानी नहीं आने के कारण काम पर जाने से पहले पानी जुटाना बड़ी चुनौती बन गया है।
गृहिणी लक्ष्मी, नीलम और कामिनी ने बताया कि पोस्ट ऑफिस के पास 10 कमरों वाले मकान में रहने वाले परिवारों को पानी के लिए दूसरे मोहल्लों में जाना पड़ रहा है। वहां कई बार पानी भरने से रोका जाता है और गालियां भी सुननी पड़ती हैं। इसके बावजूद घरेलू जरूरतें पूरी करने के लिए पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
हल्लोमाजरा से पानी की सप्लाई नहीं होने की हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है। हो सकता है कि किसी मकान मालिक की निजी समस्या हो। फिर भी मामले को चेक करवा लेते हैं।— एक्सईएन, पब्लिक हेल्थ, नगर निगम