चंडीगढ़। ट्राइसिटी से बाहर की गाड़ियों पर दोगुनी पार्किंग फीस लगाने के फैसले को नगर निगम ने वापस नहीं लिया है। मंगलवार को हुई सदन की बैठक में सभी पार्षदों ने मिनट्स को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही नगर निगम ने अपने पार्किंग के अपने पुराने प्रस्ताव पर मुहर लगा दिया। मेयर अनूप गुप्ता का कहना है कि फिलहाल वह अपने फैसले पर कायम है लेकिन जल्द ही सभी पार्टियों के पार्षदों को एक प्रतिनिधिमंडल प्रशासक से मिलेगा।पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने बीते दिनों कहा था कि ट्राइसिटी से बाहर की गाड़ियों पर लगाए गए दोगुनी पार्किंग फीस वसूलने का फैसला ठीक नहीं है। इसमें संशोधन किया जाना चाहिए। इसके बाद से उम्मीद जताई जा रही थी कि निगम सदन की बैठक में एजेंडा लाकर इसमें संशोधन कर सकता है। हालांकि, मंगलवार को हुई बैठक में पार्किंग का कोई एजेंडा नहीं लाया गया, बल्कि पिछली बैठक के मिनट्स सहमति से सभी पार्षदों ने पास कर दिया, जिसके पेज नंबर-50 पर लिखा हुआ था कि ट्राइसिटी से बाहर की गाड़ियों पर दोगुनी पार्किंग फीस लगनी चाहिए। हालांकि, बैठक के आखिर में आप पार्षद जसबीर सिंह लाडी ने इस मुद्दे को उठाया और कहा कि उनका इस पर क्या स्टैंड है। मेयर ने कहा कि उनके पास कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। हालांकि, उन्होंने आप पर ही पलटवार करते हुए कहा कि आप पार्टी को भी इस मुद्दे पर अपना स्टैंड क्लीयर करना चाहिए कि वह क्या चाहते हैं। हालांकि, आखिरी समय होने की वजह से इस मुद्दे पर ज्यादा चर्चा नहीं हो पाई और बैठक खत्म हो गई।
मेयर ने हरियाणा-पंजाब के सीएम से भी मिलने की बात कही
मेयर ने कहा कि यह फैसला चंडीगढ़ के हित में लिया गया था। अब सभी पार्टियों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रशासक से मिलेगा और उनके साथ चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि सलाहकार परिषद में एतराज जताया गया था कि लेकिन मंगलवार को सदन में किसी पार्टी की तरफ से इसे लेकर सवाल नहीं उठाया गया। ऐसा लगता है कि सभी पार्टियां पक्ष में हैं। हालांकि, प्रशासक के निर्देश का सम्मान करते हुए सभी पार्टियों के पार्षद जल्द प्रशासक से मिलेंगे। मेयर ने कहा कि हरियाणा और पंजाब के सीएम से मिलेंगे और आग्रह करेंगे कि वह चंडीगढ़ को अपनी राजधानी मानते हुए क्या दे सकते हैं, उसके बाद इस फैसले को वापस लिया जा सकता है।
ट्राइसिटी से बाहर के लोगों को देने होंगे 30 से 260 रुपये की पार्किंग फीस
नगर निगम ने सभी पार्किंग में ट्राइसिटी से बाहर की गाड़ियों पर दोगुनी पार्किंग फीस लगाई है। इन्हें 30 रुपये से लेकर 260 रुपये तक पार्किंग फीस चुकाने होंगे। कॉमर्शियल वाहन चालकों को 60 रुपये से 800 रुपये तक चुकाने होंगे। अगर कोई नकद में देना चाहेगा तो उसे 5 और 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। बाहर के दोपहिया वाहनों की पार्किंग चंडीगढ़ में मुफ्त रहेगी।