राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से पंजाब भाजपा में मंत्रिमंडल व संगठनात्मक फेरबदल से संबंधित निर्णय लिए जाने के बाद नेताओं में खलबली मची हुई है। सभी अपनी कुर्सियां बचाने के लिए दौड़भाग कर रहे हैं।
इस बारे में सूचना मिलने के बाद पंजाब के चार मंत्रियों में से तीन दिल्ली पहुंच गए हैं। उनके द्वारा अपने पद बचाने के लिए लॉबिंग जारी है। उन्होंने पहले भी कई दिन दिल्ली में डेरा डाला था। इस सबके बीच परिवर्तन से संबंधित फरमान कभी भी जारी होने की संभावना है।
संपर्क किए जाने पर पंजाब भाजपा प्रभारी शांता कुमार ने केवल इतना कहा कि जल्द ही सब-कुछ सामने आ जाएगा। गत 25 जून को उनके पंजाब दौरे के दौरान मंत्रियों चुन्नी लाल भगत, मदन मोहन मित्तल, सुरजीत कुमार ज्याणी तथा अनिल जोशी के इस्तीफों व उनकी जगह नए मंत्री बनाए जाने की चर्चा थी, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
उस दौरान शांता ने कहा था कि मंत्रिमंडल व संगठन में बदलाव से संबंधित निर्णय हफ्ते भर में ले लिया जाएगा। यह अवधि समाप्त हो चुकी है तथा शांता की उस घोषणा के अमली रूप लेने का सभी को इंतजार है।