चंडीगढ़। शहर के खिलाड़ी अब सोमवार से खेल सेंटरों पर अभ्यास शुरू कर सकेंगे। यूटी के खेल विभाग ने पिछले एक महीने से बंद पड़े खेल सेंटरों को खोलने का आदेश जारी कर दिया है। इन सेंटरों पर सुबह और शाम खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। सुबह का समय 6 से 9 बजे तक का रखा गया है। वहीं दोपहर को 3 से शाम 5 बजे तक खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। इन खेल सेंटरों पर 10 साल से कम उम्र के बच्चे को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कोरोना के दिशानिर्देशों के अनुसार ही खिलाड़ियों को ही खेल सेंटरों पर प्रवेश मिलेगा। वहीं, खेल विभाग के स्वीमिंग पूल और जिम अभी नहीं खुलेंगे। कोरोना के चलते लॉकडाउन में पिछले महीने एक मई से शहर के सभी खेल सेंटरों को खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए को बंद कर दिया गया था।
यह सेंटर नहीं खुलेंगे
कोरोना के चलते प्रशासन की ओर से यूटी के खेल विभाग के सेक्टर- 43, सेक्टर- 34, और सेक्टर- 8 के खेल सेंटरों को कोविड सेंटर में तबदील कर दिया गया था। फिलहाल यह तीनों खेल सेंटर नहीं खुलेंगे। इसके अलावा खेल विभाग के सारे खेल सेंटरों को खोला जा रहा है।
सेंटरों की हो रही साफ सफाई
यूटी के खेल सेंटरों को सोमवार से खोलने के आदेश के बाद सेंटरों पर साफ-सफाई का काम शुरू हो गया है। खेल विभाग की ओर से कोचों को निर्देश दिए गए हैं कि वह कम गिनती में अपने यहां बच्चों को ट्रेनिंग दें।