कैप्टन पर सांपला का तंज, ‘झूठा है तेरा वादा’
चुनावी वादों की झड़ी लगाकर, पंजाब की जनता को बहला-फुसलाकर मुख्यमंत्री बने कैप्टन अमरिंदर सिंह तीन साल बीतने के बाद भी वादे ही कर रहे हैं। पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विजय सांपला ने सोमवार को पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार के तीन साल पूरे होने के मौके पर न सिर्फ यह टिप्पणी की, बल्कि यह भी कहा कि उन्हें 1970 की फिल्म दुश्मन में किशोर कुमार द्वारा गाया गीत याद आ गया- ‘झूठा है तेरा वादा, वादा तेरा वादा...।’
सांपला ने बयान जारी कर कहा कि कैप्टन अब वादा कर रहे हैं कि बरगाड़ी के दोषियों को सजा दिलवाएंगे, वादा कर रहे हैं कि हर तरह के माफिया को खत्म करेंगे, वादा कर रहे हैं कि कई लाख नौकरियां देंगे।
सांपला ने कहा कि पंजाब की भोली-भाली जनता कैप्टन के झूठे चुनावी वादों से बुरी तरह मारी गई है। चुनाव घोषणा पत्र के 225 वादों को पूरा करने के कैप्टन के दावे को सरासर झूठ करार देते हुए सांपला ने कहा कि वे कैप्टन को चुनौती देते हैं कि 225 तो क्या केवल 25 चुनावी वादे बता दें, जो उनकी सरकार ने पूरे किए हों। सांपला ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह झूठ बोलते हुए, मेडिकल कॉलेज खोलने या हेल्थ एंड वेलनेस क्लीनिक खोलने की केंद्रीय योजनाओं को भी अपनी कामयाबी बता रहे हैं।