चंडीगढ़। चंडीगढ़ खेल विभाग के तत्वावधान में लेक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता के रैंकिंग राउंड में मंगलवार को युवा तीरंदाजों ने सटीक निशानेबाजी का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कंपाउंड और रिकर्व इवेंट्स के अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग में शहर के खिलाड़ियों ने सटीक निशानेबाजी से अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 5,000, द्वितीय को 3,000 और तृतीय स्थान के लिए 2,000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
कंपाउंड इवेंट में प्रणव, निमरत, क्रिश और ब्रह्मजोत पहले स्थान पर रहे। अंडर-19 बॉयज में प्रणव मलिक पहले, गुरशान चौधरी दूसरे और दर्श मिश्रा तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 गर्ल्स में निमरत कौर भुल्लर ने शीर्ष स्थान हासिल किया। महकप्रीत कौर को दूसरा और अनुष्का को तीसरा स्थान मिला। अंडर-14 बॉयज में क्रिश सिंगला ने बाजी मारी, जबकि फतेह सिंह दूसरे और हिम्मत सिंह भुल्लर तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-14 गर्ल्स में ब्रह्मजोत कौर प्रथम, शाइना वर्मा द्वितीय और ओएशी मिनर्वा तृतीय रहीं।
रिकर्व इवेंट में अजिंक्य, जियाना, तेजप्रताप और रवलीन ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंडर-19 बॉयज में अजिंक्य जटवानी पहले, गुरहंस सिंह दूसरे और मुनीत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 गर्ल्स में जियाना कुमार प्रथम, जपमन कौर द्वितीय और त्वरित तृतीय रहीं। अंडर-14 बॉयज में तेजप्रताप, अनिश गर्ग और प्रमित वर्मा क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-14 गर्ल्स में रवलीन कौर प्रथम, पनवीर कौर द्वितीय और जपिता कौर तृतीय स्थान पर रहीं।