मोगा। ऑपरेशन प्रहार के तहत मोगा पुलिस ने 72 घंटों में 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस अभियान के दौरान अवैध हथियार, नशीला पदार्थ, तेजधार हथियार और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। मोगा एसएसपी की अगुवाई में 400 से अधिक पुलिस कर्मियों ने 371 स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान 55 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें 5 पीओ घोषित अपराधी भी शामिल हैं। पुलिस ने 456 ग्राम हेरोइन, 605 नशीली गोलियां, 500 ग्राम अफीम, 52,300 रुपये ड्रग मनी, 33 बोतल अवैध शराब और 80 लीटर लाहन बरामद किया। इसके अतिरिक्त, 5 पिस्तौल, 2 देसी कट्टे, 56 जिंदा कारतूस, तलवारें, डंडे और बेसबॉल बैट भी जब्त किए गए। पुलिस ने इस अभियान के जरिए अपराधियों को कड़ा संदेश दिया कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। संवाद