भारतीय सेना में शामिल होने के इच्छुक युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। पंजाब में खुली एक फरवरी से खुली भर्ती होने जा रही है। 12 फरवरी तक तिब्बड़ी कैंट गुरदासपुर में सीमावर्ती क्षेत्र के चार जिलों गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर और तरनतारन के नौजवानों की भर्ती होगी। इस भर्ती के लिए जिला प्रशासन की तरफ से बेहतरीन प्रबंध किए जाएंगे।
यह बात डीसी गुरदासपुर डा. अभिनव ने सेना के अधिकारियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों से बैठक के बाद कही। डीसी त्रिखा ने बताया कि जिला प्रशासन की तरफ से इस भर्ती संबंधी तिब्बड़ी कैंट में सेना की हर संभव मदद की जाएगी। नौजवानों के लिए यातायात के लिए भी प्रबंध किए जाएंगे और जिला ट्रांसपोर्ट विभाग की तरफ से रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर विशेष बसें चलाई जाएंगी।
20 फरवरी को मेडिकल और 28 को लिखित टेस्ट
एक फरवरी को तहसील खडूर साहिब, दो फरवरी को तहसील तरनतारन, तीन फरवरी को तहसील पट्टी ( जिला तरनतारन), चार फरवरी को तहसील अजनाला और बाबा बकाला, पांच फरवरी को तहसील अमृतसर-एक और अमृतसर-दो (जिला अमृतसर), छह फरवरी को तहसील बटाला और डेरा बाबा नानक, सात फरवरी को बटाला, आठ फरवरी को तहसील गुरदासपुर और नौ फरवरी को तहसील गुरदासपुर (जिला गुरदासपुर) और 10 फरवरी को तहसील पठानकोट और 11 फरवरी को तहसील पठानकोट और धारकलां के नौजवान भर्ती में शामिल होंगे।
इन विभिन्न दिनों के दौरान रोजाना चार से पांच हजार नौजवान भर्ती में शामिल होंगे और कुल 41 हजार 52 नौजवान सिपाही, क्लेरिकल और विभिन्न ट्रेडों में भर्ती किए जाएंगे। तिब्बड़ी कैंट से पहुंचे सेना के अधिकारी कर्नल आकाश कर्वल और मेजर अरुण मोरिया ने बताया कि इस भर्ती रैली में वही नौजवान शामिल हो रहें हैं जिन्होंने पहले ऑनलाइन भर्ती के लिए अप्लाई किया हुआ था। उन्होंने बताया कि फिजिकल टेस्ट में से पास नौजवानों का मेडिकल 20 फरवरी तक और उसके बाद लिखित टेस्ट 28 फरवरी 2016 को होगा।