चंडीगढ़। बिजली विभाग की लापरवाही मलोया के लोगों पर भारी पड़ सकती है। मलोया के पार्कों में लगे बिजली के जंक्शन बॉक्स खुले पड़े हुए हैं। इन पर लगे हुए तारों की टेपिंग भी नहीं की गई है। इस कारण कई बार पार्कों में घूमने वाले मवेशी हादसे का शिकार हो चुके हैं।
चंडीगढ़ युवा दल ने इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से की है। बता दें कि मलोया पुनर्वास कालोनी में चार मंजिला मकानों के राइट साइड पर खुले में जंक्शन बॉक्स लगाए गए हैं। इन बॉक्सों में बिजली की तारों को बांधा गया है, लेकिन बड़ी लापरवाही यह है कि इन तारों को खुला ही छोड़ दिया गया है। इन पर टेपिंग नहीं की गई। ये खुले तार कभी भी बड़े हादसों को न्योता दे सकते हैं। चंडीगढ़ युवा दल के सचिव चेतन मेहरा ने बताया कि इसके अलावा कई जगहों पर बॉक्स ऐसे ही खुले में छोड़ दिए गए है। इस कारण बरसात के दिनों में लोगों को हमेशा हादसे का डर बना रहता है।