दफ्तर या कामकाज के कारण दिन में अस्पताल न पहुंच पाने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। दफ्तर या कामकाज के कारण दिन में अस्पताल न पहुंच पाने वाले मरीजों के लिए राहत की खबर है। जीएमएसएच-16 में शाम 5 से 7 बजे तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी सेवा शुरू कर दी गई है। मंगलवार को पहले दिन ट्रायल रन के दौरान 25 मरीजों ने परामर्श लिया।
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने हाल ही में स्वास्थ्य संस्थानों का दौरा कर सेवाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि अस्पतालों को सशक्त द्वितीयक केंद्र के रूप में कार्य करना चाहिए ताकि जीएमसीएच-32 और पीजीआई जैसे तृतीयक संस्थानों पर अनावश्यक भार कम हो। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि फिलहाल मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स और गायनेकोलाजिस्ट की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। जल्द ही यह सुविधा अन्य सिविल अस्पतालों में भी शुरू की जाएगी।