चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 की ओपीडी सोमवार से शुरू हो रही है। ओपीडी में जो लोग आकर दिखाना चाहते हैं, उन्हें वेबसाइट के जरिए अनुमति लेनी होगी। साथ ही कोविड की जांच करवाकर लानी होगी।
मार्च में यहां की ओपीडी कोरोना के कारण बंद कर दी गई थी, लेकिन अब कोरोना की दूसरी लहर विदा हो गई। उसके बाद ओपीडी खोली जा रही है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुधीर गर्ग ने बताया कि ओपीडी में आने वाले मरीजों को 72 घंटे पहले की कोविड जांच की रिपोर्ट लानी होगी। यदि बिना जांच के मरीज ओपीडी में आते हैं, तो उनकी जांच यहां कराकर तुरंत रिपोर्ट दे दी जाएगी। वहीं टेली सर्विस पहले की तरह चलती रहेगी। विभाग की ओर से कोशिश की जा रही है कि मरीजों को सुविधाएं पूरी मिलें।