भाजपा ने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर के साथ वाॅलंटियर मीट की
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आगामी चुनावों को जीतने के लिए भाजपा सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर की भी मदद लेगी। शनिवार को पार्टी ने गुरुग्राम में सैकड़ों सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर के साथ वाॅलंटियर मीट की। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि मिशन 2024 को जीतने के लिए सभी इंफ्लूएंसर सिपाही की भूमिका निभाएं। मजबूत जज्बे के साथ चुनाव 2024 में सोशल मीडिया के जरिए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें। उन्होंने वाॅलंटियर्स को उज्जवला योजना, हर घर नल से जल के अलावा केंद्र सरकारी योजनाएं और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया बहुत बड़ा प्लेटफार्म है। उन्होंने सभी इंफ्लूएंसर को चुनाव जीतने की तैयारियों में अभी से जुट जाने को कहा।
इस मौके पर राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने इंफ्लूएंसर को विपक्ष के झूठे नेरेटिव को तोड़ने के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि समय-समय पर इंफ्लूएंसर को अपने व्यवहार और आचरण का आकलन करना चाहिए और सच्चाई जानकर ही किसी भी विषय को आगे बढ़ाना चाहिए। इस कार्यक्रम में हरियाणा अनेक कलाकार भी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने गीतों के माध्यम से मोदी सरकार की उपलब्धियां बताईं।