-भारतीय तिरंगे सहित सभी देशों के झंडों की गरिमा को मिलेगा कानूनी संरक्षण
-
सुरिंदर पाल
जालंधर। कनाडा और भारत के बीच सुधरते कूटनीतिक रिश्तों के बीच ओंटारियो प्रांत की सरकार एक अहम कदम उठाने जा रही है। ओंटारियो सरकार राष्ट्रीय ध्वज के अपमान को रोकने के लिए नया कानून लाने की तैयारी में है। प्रस्तावित विधेयक के तहत किसी भी देश के राष्ट्रीय ध्वज को सार्वजनिक स्थान पर जलाना, फाड़ना या अपमानजनक ढंग से प्रदर्शित करना दंडनीय अपराध माना जा सकता है। इसका उद्देश्य विभिन्न समुदायों की भावनाओं की रक्षा करना और राष्ट्रीय प्रतीकों की गरिमा सुनिश्चित करना है।
पिछले कुछ वर्षों में ओंटारियो, खासकर टोरंटो, ब्रैम्पटन और मिसिसॉगा क्षेत्रों में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान की कई घटनाएं सामने आईं। जुलाई 2020 में एक प्रदर्शन के दौरान तिरंगे को जमीन पर गिराने, अगस्त 2022 में आपत्तिजनक नारेबाजी और सितंबर 2023 में सार्वजनिक स्थल पर ध्वज उतारकर अपमान करने की घटनाओं ने भारतवंशी समुदाय में गहरा रोष पैदा किया। 2024 की शुरुआत में भी टोरंटो में ऐसे ही एक मामले को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग उठी।
ओंटारियो सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार प्रांत विविध संस्कृतियों और समुदायों का घर है। किसी भी देश के राष्ट्रीय ध्वज का अपमान न सिर्फ उस देश का बल्कि यहां रहने वाले उसके नागरिकों का भी अपमान है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सार्वजनिक व्यवस्था के बीच संतुलन रखते हुए कानून का मसौदा तैयार किया जा रहा है ताकि वह सांविधानिक दायरे में रहे।
भारतीय समुदाय ने किया स्वागत
ओंटारियो में रहने वाले भारतीय समुदाय और सामाजिक संगठनों ने इस पहल का स्वागत किया है। पूर्व सांसद रमेश संघा और सामुदायिक नेता जोगिंदर सिंह बासी ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह कानून न केवल भारतीय तिरंगे बल्कि सभी देशों के राष्ट्रीय ध्वजों के सम्मान को सुनिश्चित करेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाएगा।