Haryana Election: आधी आबादी को पूरा हक कब, पांच दलों से सिर्फ 52 महिलाएं उतरेंगी मैदान में, 47 निर्दलीय
Fri, 20 Sep 2024 03:36 PM IST
निवेदिता वर्मा
सुंदर त्यागी/कुलदीप शुक्ला, अमर उजाला, रोहतक/चंडीगढ़
सार
भाजपा व कांग्रेस दोनों 89-89 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन भाजप ने 10 व कांग्रेस ने 12 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। आम आदमी पार्टी ने सभी 90 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। इनमें 11 महिलाएं हैं। वहीं इनेलो-बसपा गठबंधन ने 11 महिलाओं को टिकट दिया गया है। जजपा-आसपा गठबंधन ने 85 में से 8 महिलाओं पर दांव खेला है।
हरियाणा गठन के 58 साल बाद भी आधी आबादी को विधानसभा चुनाव में उनका पूरा हक नहीं मिल पाया है। प्रदेश की सियासत में इस बार भी सभी राजनीतिक पार्टियां महिलाओं को टिकट देने में बड़ा दिल नहीं दिखा सकीं। लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी प्रमुख दलों ने महिलाओं को कम प्रतिनिधित्व दिया है। वर्ष 2024 के रण में पांच प्रमुख दलों व उनके गठबंधन की 52 और 47 निर्दलीय महिलाएं चुनावी ताल ठोकेंगी।
विज्ञापन
प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा ने 11%, कांग्रेस ने 13%, आप ने 12% और जजपा ने 9 फीसदी सीटों पर ही महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया है। 2019 विधानसभा चुनाव में कुल पांच पार्टियों ने 47 महिला नेत्रियों को मैदान में उतारा था। पांच साल पहले भाजपा ने 12, कांग्रेस 09, आप 03, जजपा 07 व इनेलो ने 15 महिलाओं को टिकट दिया था। इसी तरह, 2014 में भाजपा ने 15, कांग्रेस ने 10 व इनेलो ने 16 महिलाओं को उतारा था। इस बार चुनारी रण में कुल 1031 उम्मीदवार है। इनमें 101 महिला उम्मीदवार हैं।
पार्टियों ने इन महिलाओं को उतारा
भाजपा
भाजपा ने कालका से शक्ति रानी शर्मा, मुलाना से संतोष सारवान, कलायत से कमलेश ढांडा, रतिया से सुनीता दुग्गल, तोशाम से श्रुति चौधरी, गढ़ी सांपला-किलोई से मंजू हुड्डा, कलानौर से रेणू डाबला, अटेली से आरती राव, पटौदी से बिमला चौधरी और राई से कृष्णा गहलावत।
कांग्रेस
मुलाना से पूजा चौधरी, नारायणगढ़ से शैली चौधरी, साढौरा से रेनू बाला, करनाल से सुमिता विर्क, जुलाना से विनेश फोगाट, दादरी से डॉ. मनीषा सांगवान, कलानौर से शकुंतला खटक, झज्जर से गीता भुक्कल, अटेली से अनिता यादव, नांगल चौधरी से मंजू चौधरी, पटौदी से पर्ल चौधरी व बल्लभगढ़ से पराग शर्मा।
आप
अंबाला कैंट से राजकौर गिल, साढौरा से रीटा बामनिया, शाहाबाद से आशा पठानिया, पानीपत शहर से रितु अरोड़ा, गन्नौर से सरोज बाला राठी, जुलाना से पहलवान कविता दलाल, सफीदों से निशा देशवाल, लोहारू से गीता श्योराण, भिवानी से इंदु शर्मा, बेरी से सोनू अहलावत व नूंह से राबिया किदवई।
जजपा व एएसपी गठबंधन
जजपा की गढ़ी सांपला-किलोई से पंडित सुशीला देशवाल, लोहारू से अलका आर्या, नरवाना से संतोष दनौदा, पेहोवा से डॉ. सुखविंद्र कौर, रेवाड़ी से मोकी यादव, अंबाला शहर से पारुल नागपाल, शाहबाद से रजीत सिंह अजराणा व एएसपी की फरीदाबाद से निशा वाल्मीकि।
इनेलो
फतेहाबाद से सुनैना चौटाला, लाडवा से सपना, थानेसर से तनुजा, गुहला से पूनम सुलतानिया, पानीपत शहर से सरोजबाला, सफीदों से पिंकी, नरवाना से विद्या देवी, बरवाला से संजना सातरोड़, कलानौर से पूनम, बहादुरगढ़ से शीला राठी, पुन्हाना से दया भड़ाना।
निर्दलीय में हिसार से सावित्री जिंदल और महम से राधा अहलावत पर सबकी नजर
राजनीतिक पार्टियों से टिकट न मिलने पर महिलाओं ने भी निर्दलीय ताल ठोकी है। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नवीन जिंदल की मां सावित्री जिंदल ने हिसार से नामांकन किया है। कांग्रेस से टिकट न मिलने पर रोहिता रेवड़ी ने पानीपत शहर और अंबाला कैंट से चित्रा सरवारा ने परचा भरा है। महम सीट से भाजपा से बागी राधा अहलावत निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरीं हैं। जजपा ने इस सीट पर प्रत्याशी न उतारकर राधा अहलावत को समर्थन दे दिया है। कलायत से अनीता ढुल, बल्लभगढ़ सीट से शारदा राठौर, असंध सीट से रेखा सुशील गुर्जर भी चुनाव मैदान में हैं।
अब तक केवल 87 महिलाएं ही विधायक बन पाईं
हरियाणा में अब तक 13 विस चुनाव में सिर्फ 87 महिलाएं विधायक चुनी गई हैं। 2019 में 9 व 2014 में 8 महिलाएं ही विधायक बनी थीं। इस लिहाज से महज 10 फीसदी ही महिलाओं का प्रतिनिधित्व है, जबकि राज्य में उनकी आबादी 47 फीसदी (95 लाख 12 हजार 574) हैं।