पंजाब के लोगों को बड़ी सुविधा दी गई है। अब वे थानों और चौकियों में अपनी कोई भी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। लोगों की परेशानियों को देखते हुए लुधियाना पुलिस कमिशनरेट ने नया कदम बढ़ाया है। पुलिस ने पब्लिक ग्रिवांसेज रिड्रेसल फोरम नाम से आन लाइन सर्विस का आगाज किया किया है।
अब थानों में अपनी शिकायत का स्टेटस लेने के लिए लोगों को थाना प्रभारी या फिर जांच अधिकारी के पास जाने की जरुरत नहीं पड़ेगी। पीड़ित व्यक्ति खुद ही आन लाइन चेक कर सकेगा कि उसकी शिकायत पर अभी तक क्या कार्रवाई हुई।
डीसीपी नरेंद्र भार्गव ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि इस सुविधा से थानों में आने वाली शिकायत के बारे में संबंधित एडीसीपी, एसीपी को स्टेटस का पता चल जाएगा। वहीं, यह सारा सिस्टम एडीसीपी हेडक्वार्टर की निगरानी में चलेगा।
डीसीपी ने कहा कि अक्सर देखा गया है कि अगर कोई व्यक्ति शिकायत देकर आता है तो इस बारे में एसएचओ या फिर इलाका एसीपी को इसके बारे में नहीं पता होता। उन्होंने कहा कि शिकायत कई कई दिनों तक थाने में ही रहती है। इससे पीड़ित पक्ष को इंसाफ मिलने में देरी हो जाती है।
इस सर्विस से हर व्यक्ति को अपनी शिकायत के बारे में ऑनलाइन सब कुछ पता करने को मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शिकायत होने के बाद सर्विस फास्ट कर दी जाएगी।
पुलिस की कोशिश रहेगी कि चौबीस घंटे के अंदर शिकायत का निपटारा किया जाए। इससे थानों में भटकने वाले लोगों को राहत मिलेगी। इस सर्विस के शुरू होने से जनता का पुलिस पर विश्वास भी बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की शिकायत के बारे में जहां थाना प्रभारी, इलाका एसीपी, एडीसीपी को तो पता ही होगा। इसके साथ साथ यह सारा सिस्टम एडीसीपी हेड क्वार्टर की निगरानी में होगा। अगर किसी शिकायत पर किसी पीड़ित की कार्रवाई नहीं होगी तो उसे जल्द करवाया जाएगा।
डीसीपी ने बताया कि शुक्रवार को सभी एडीसीपी, एसीपी से मीटिंग की गई। इसके बाद पब्लिक ग्रिवांसेज रिड्रेसल फोरम ऑनलाइन सर्विस को हरि झंडी दी गई। जल्द इस सर्विस को शुरू कर दिया जाएगा।