चंडीगढ़ स्थित सैनिक रेस्ट हाउस में अब रूम की ऑनलाइन बुकिंग की जाएगी, इससे जहां बुकिंग में पारदर्शिता आएगी। वहीं कहीं से भी सैनिक कमरा बुक करा सकेंगे। मिल रहीं गड़बड़ी की शिकायतों के बीच प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब रेस्ट हाउस में यह सुविधा देश के वर्तमान और पूर्व सैनिकों को मिलेगी।
यह लोग अब सिटी ब्यूटीफुल में आने से पहले ऑनलाइन रेस्ट हाउस में कमरे बुक करा सकते हैं। चंडीगढ़ प्रशासन को बीते दिनों से लगातार रूप बुकिंग के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। यहां पर कई मामलों की जांच भी कराई गई, जिसमें घालमेल भी उजागर भी हुआ है। रेस्ट हाउस के कमरों में बुकिंग के नाम पर हो रही अवैध वसूली को रोकने के लिए प्रशासन ने इसे ऑनलाइन करने के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी कमिश्नर अजीत बाला जोशी ने एक महीने के अंदर रूम बुकिंग की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की रेस्ट हाउस को हिदायत दी है। डीसी ने बताया कि रेस्ट हाउस में कमरों की बुकिंग ऑनलाइन होने से शिकायत की संभावनाएं कम हो जाएंगी। इससे रेस्ट हाउस के कमरों की बुकिंग की वास्तविक स्थिति का पता चल पाएगा। साथ ही यहां आने वाले सैनिक देश के किसी भी कोने से ठहरने के लिए यहां कमरा बुक करा सकेंगे।