चंडीगढ़। गांव टोगा स्थित कबाड़ी मार्केट में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लग गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन करीब 30 दुर्घटनाग्रस्त और पुरानी गाड़ियां, उनके स्पेयर पार्ट्स तथा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी को आग का संभावित कारण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही दमकल विभाग और सारंगपुर थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। उस समय दुकानों में बड़ी संख्या में पुरानी गाड़ियां, इंजन, टायर, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील स्पेयर पार्ट्स रखे थे। इसी कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लक्ष्मी कार नामक दुकान में एक कार पर वेल्डिंग का काम चल रहा था। आशंका है कि इसी दौरान निकली चिंगारी से आग लगी, जिसने देखते ही देखते आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 20 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों के अनुसार इस दौरान हाइड्रोलिक लैडर का इस्तेमाल नहीं हो सका जिससे राहत कार्य में अधिक समय लगा। पुलिस ने एहतियात के तौर पर मार्केट के दोनों ओर से सड़क बंद कर दी और आसपास की दुकानों को खाली करा दिया, ताकि आग अन्य प्रतिष्ठानों तक न फैले। सारंगपुर थाना पुलिस के अनुसार अभी तक इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। मामले की जांच जारी है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में संचालित सभी अवैध कबाड़ी मार्केट और फैक्ट्रियों की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
डड्डूमाजरा स्थित तोगा रोड पर बनी फैक्ट्री की जांच कराई जाएगी। यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। - एसडीएम इशा कंबोज