पटियाला के सन्नौरी अड्डा की मिर्च मंडी स्थित सरसों के तेल की बाटलिंग फैक्टरी में बुधवार रात जोरदार धमाका हुआ। इसकी चपेट में आने से फैक्टरी मालिक के बेटे रजत मित्तल (26) की मौके पर मौत हो गई। धमाका इतना जबरदस्त था कि करीब एक किलोमीटर तक इसकी आवाज सुनाई दी।
इस वजह से फैक्टरी के आसपास की चार दुकानों की छतें उड़ गईं और सात दुकानों में दरारें पड़ गईं। सूचना मिलते ही अलसुबह करीब 3 बजे पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके से फोरेंसिक एक्सपर्ट ने सैंपल भी लिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता राकेश कुमार मित्तल और मृतक रजत मित्तल के खिलाफ 304ए और 427 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने फैक्टरी में लापरवाही बरतने और प्रापर्टी को नुकसान पहुंचाने की कार्रवाई शुरू की है।
एसपी (डी) हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि फैक्टरी का मालिक क्रूड फार्म से भारी मात्रा में सरसों का तेल खरीद कर पहले इसे फैक्टरी में साफ करता था। फिर इस तेल की बाटलिंग की जाती थी। तेल को साफ करने के लिए केमिकल का इस्तेमाल होता था। अब तक जांच में यही लग रहा है कि केमिकल रिएक्शन होने से फैक्टरी में इतना जबरदस्त धमाका हो गया है। क्योंकि मौके से किसी तरह की कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। चंडीगढ़ से फोरेंसिक एक्सपर्ट बुलाकर सैंपल लिए गए हैं।