जींद में पटियाला चौक पर रोडवेज बस और बाइक की टक्कर में 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल है। घटना की जानकारी मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सकों ने राजवीर को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार श्री राग खेड़ा निवासी राजवीर (52) और उसका बहनोई बाइक से शहर आ रहे थे। जब वह पटियाला चौक पर पहुंचे तो उनकी बाइक को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने राजवीर को मृत घोषित कर दिया जबकि देशराज को मामूली चोट आई है। उनका नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। शहर थाना पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है।
सिरसा: रोडवेज बस के नीचे आने से स्कूटी सवार दो घायल
उधर, सिरसा में भी रोडवेज बस से हादसे का मामला सामने आया है। शहर के हिसार रोड पर सुबह तेज रफ्तार रोडवेज की बस ने स्कूटी सवार एक महिला व पुरुष को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि स्कूटी रोडवेज बस के नीचे फंस गई। बस चालक काफी दूर तक स्कूटी को घसीटते ले गया। प्रीतम पैलेस के पास बस अनियंत्रित होने के कारण डिवाइडर पर चढ़ गई।
आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी और दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चालक व परिचालक मौके से फरार हैं। बस के सभी यात्री सुरक्षित हैं।
हिसार रोड पर पहले भी रोडवेज बस के कारण कई बार हादसे हो चुके है। कुछ समय पहले एक व्यक्ति की रोडवेज बस के नीचे आने से मौत हो गई थी। वहीं फूलकां ओवरब्रिज के पास भी करीब एक वर्ष पहले एक मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई थी। बस के नीचे मोटरसाइकिल फंसने से आग लग गई थी।