स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के एक और आतंकी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। आतंकी का नाम रोमनदीप सिंह उर्फ रोबिन है। रोमनदीप सिंह तरनतारन के सीमावर्ती कस्बे झब्बाल का निवासी है और उसे वहीं से पकड़ा गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही एसएसओसी अब तक नौ आतंकवादियों को दबोच चुकी है।
इस बात की पुष्टि एसएसओसी के डीएसपी बलबीर सिंह ने की है। पाकिस्तान से हथियारों की खेप के साथ आए ड्रोन को जलाने में आकाशदीप, साजनप्रीत के साथ-साथ इस आतंकी का भी हाथ था। झब्बाल में मिले अधजले ड्रोन से हथियार बरामद होने के बाद इन तीनों आतंकवादियों ने सबूत नष्ट करने के लिए पाकिस्तान में बैठे आतंकी सरगना रंजीत सिंह नीटा के निर्देश पर ड्रोन को जलाया था।
जब इन तीनों आतंकवादियों से यह पूरी तरह नष्ट नहीं हुआ तो अधजले ड्रोन को झब्बाल की बंद पड़ी एक चावल मिल के गोदाम में फेंक दिया था। एसएसओसी ने आकाशदीप से पूछताछ के बाद ड्रोन को बरामद कर लिया था। रोमनदीप की गिरफ्तारी साजनप्रीत सिंह से हुई पूछताछ के बाद की गई है। इससे पहले आकाशदीप से पूछताछ के बाद साजनप्रीत सिंह को हिरासत में लिया गया था।