30 सितंबर तक बनवाए जा सकेंगे वोट
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। गुरुद्वारा चुनाव आयोग ने हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के चुनाव में पंजाबी में 10 लाख मतदाता आवेदन पत्र प्रकाशित करवाए हैं। जल्द ही ये मतदाता आवेदन पत्र जिलों में पहुंच जाएंगे। एडहॉक कमेटी सदस्यों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मंगलवार को हुई बैठक में इस संबंध में मांग की थी। हरियाणा में सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का चुनाव होना है। इसके लिए चुनाव आयोग ने 40 वार्ड तय किए हैं। एक से 30 सितंबर तक मतदाता पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं। मतदाता पहचान पत्र पूर्व में हिंदी में जारी किया था। इस पर एडहॉक कमेटी सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए कहा था कि हिंदी के साथ-साथ मतदाता आवेदन पत्र पंजाबी में भी होने चाहिए।
सिरसा के डीसी को लिखा है पत्र
गुरुद्वारा चुनाव आयोग के रजिस्ट्रार भूपेंद्र सिंह ने बताया कि आयोग ने पंजाबी भाषा में 10 लाख मतदाता आवेदन पत्र प्रकाशित करवाए हैं। जल्द ही ये आवेदन फार्म जिलास्तर पर पहुंच जाएंगे। इसके अलावा सिरसा जिले में पटवारी कम होने के कारण बूथ स्तर के अधिकारियों की भी वोट बनाने में ड्यूटी लगाने के लिए सिरसा उपायुक्त को पत्र जारी किया है।