पंजाब के मोहाली जिले के खरड़ में छज्जूमाजरा रोड पर एक निर्माणाधीन शोरूम का शनिवार शाम करीब पांच बजे दूसरी मंजिल का लेंटर ढह गया। हादसे के वक्त वहां पर 11 मजदूर काम कर रहे थे। जैसे ही छत गिरी तो मजदूर भागकर बाहर निकले लेकिन एकाएक हादसे के कारण पहली मंजिल की छत और बेसमेंट की छत भी गिर गई।
मलबे में मिस्री और मजदूर ठेकेदार अजय कुमार (40) और बिहार निवासी एक मजदूर नीतिश दब गए। लोगों, प्रशासनिक और एनडीआरएफ की टीम ने मिलकर इन्हें बचाया और मोहाली के फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में भेजा। वहां इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई। वहीं नीतिश का इलाज चल रहा है। उसके हाथ और टांग में फ्रैक्चर आया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि शोरूम की छत जल्दबाजी में डालने के चलते हादसा हुआ है। वहीं इमारत में घटिया सामग्री इस्तेमाल होने का भी मजदूर नीतिश और अन्य ने आरोप लगाया है। शटरिंग खोले बिना एक के ऊपर छत डालने के चलते लेंटर भार सह नहीं सका और लेंटर समेत पूरी बिल्डिंग नीचे आ गिरी थी। घटना की सूचना मिलने के लगभग आधे घंटे बाद मौके पर डीएसपी रूपिंदर कौर सोही टीम समेत पहुंची। उनके साथ ही फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस भी पहुंच चुकी थी।