कैथल। दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत तथा दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने दोनों ही घटनाओं के संबंध में केस दर्ज कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, देर शाम एक पिकअप ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे 50 वर्षीय उत्तर प्रदेश वासी प्रीतम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बाद में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उत्तर प्रदेश के काशीपुर जिला वासी सन्नी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पिता बरसाना में ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम करता था। गत दिवस जब वह शाम के समय भट्ठे से साइकिल पर लौट रहा था तो तेज रफ्तार पिकअप से उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दूसरी घटना करनाल रोड बाईपास चौक पर हुई। गुहणा वासी सुरजभान ने बताया कि वह मोटरसाइकिल पर जा रहा था। इस दौरान करनाल रोड बाइपास चौक पर रोडवेज की बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।