चंडीगढ़। शहर में सोमवार को कोरोना से जहां एक मरीज की मौत की पुष्टि की गई, वहीं 65 नए संक्रमित मिले। मृतक की पहचान सेक्टर-37 निवासी 86 वष्र्ाीय वृद्ध के रूप में हुई है, जिन्होंने मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही फेफड़े की गंभीर बीमारी व हाइपरटेंशन के मरीज थे।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 1104 लोगों की कोरोना जांच की गई, जिनमें से 65 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि 95 की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। पॉजिटिव मिले मरीजों में पुरुषों की संख्या 35 और महिलाओं की संख्या 30 रही। वहीं होम आइसोलेशन में रखे गए 46 मरीजों को 10 दिन की अवधि पूरी हो जाने पर सभी को छुट्टी दे दी गई। बता दें कि अब शहर में पॉजिटिव केसों की संख्या 19551 हो गई है, जबकि 18856 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं अब तक 316 मरीजों की मौत हो चुकी है। शहर में सक्रिय मरीजों की संख्या 379 है।