संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। खुद को जेएमआईसी बता स्कोर्पियो गाड़ी पर जज का स्टीकर लगाकर घूमने वाले आरोपी प्रकाश सिंह मारवाह का एक दिन का पुलिस रिमांड खत्म हो गया है। रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने एएसआई के बयानों पर चालक के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का केस दर्ज किया था।
गौरतलब है कि शहर के सेक्टर 46/49 चौक के पास स्कोर्पियो गाड़ी चालक की फ्रंट नंबर प्लेट काली चोटी के साथ छिपी हुई थी, जिसे देख ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसे रोकने का प्रयास किया। गाड़ी चालक ने रेड लाइट जंप कर गाड़ी रोकी तो ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने उक्त गाड़ी चालक का जब लाइसेंस मांगा तो उसने गाड़ी से नीचे उतरते ही खुद को जेएमआईसी बताया।
इस दौरान उसने पुलिसकर्मी के साथ बदसलूकी की और लाइसेंस या गाड़ी के दस्तावेज भी चेक नहीं करवाए। बाकायदा गाड़ी चालक गाड़ी में बैठा रहा और वहां से फरार हो गया। हालांकि भागते-भागते गाड़ी चालक ने कुछ दूरी पर आगे जाते ही फिर से नीचे उतरकर जोर-जोर से चिल्लाते हुए पुलिसकर्मी से कहा कि चालान घर भेज देना। इसके बाद पुलिस ने एएसआई की शिकायत पर उसी रात को सेक्टर-49 थाने में केस दर्ज कर लिया था। वहीं, अगले दिन पुलिस ने आरोपी को कोर्ट परिसर से गिरफ्तार कर लिया था।