-श्री गुरु तेग बहादर जी के 350वे शहादत दिवस पर होंगे कई कार्यक्रम
-शिक्षा मंत्री बैंस ने समारोह की रूपरेखा से करवाया अवगत
-
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। श्री गुरु तेग बहादर जी के 350वें शहादत दिवस पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। श्री आनंदपुर साहिब में होने वाले समारोह में देश-विदेश से एक करोड़ से अधिक संगत के आने की उम्मीद है। 19 से 30 नवंबर तक रोजाना 11 हजार से अधिक संगत के ठहराव के लिए पवित्र शहर में टेंट सिटी (चक्क नानकी) स्थापित की जा रही है।
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली ने इस समारोह की रूपरेखा से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के ज्ञानी कुलवंत सिंह को अवगत करवाया। उन्हें 23 से 25 नवंबर तक श्री आनंदपुर साहिब में आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक आमंत्रण भी दिया गया। इस अवसर पर तख्त साहिब के प्रबंधकों ने हरजोत सिंह बैंस को दस्तार सजाई और सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरान मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि दसमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चरण छोह पावन स्थल पर नतमस्तक होना उनके लिए भाग्यशाली अनुभव है। बैंस ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादर साहिब जी की लासानी शहादत से संबंधित यादगारी समारोहों का हिस्सा बनना उनके लिए आध्यात्मिक अनुभव है। शहीदी समारोह 23 नवंबर को सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब के साथ प्रारंभ होंगे। उनके अनुसार पंजाब सरकार श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के इस शहीदी दिवस को अत्यंत सम्मान और श्रद्धा के साथ मना रही है।