स्थानीय गुरुनानक नगर रोड पर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर में प्रसाद खाने के बाद डेढ़ साल के बच्चे की मौत हो गई जबकि 20 बच्चों समेत 27 लोग बीमार हो गए। सभी पीड़ितों को बटाला के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सात साल के एक बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए अमृतसर रेफर किया गया है। गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी को हिरासत में लेकर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है प्रसाद गुरुद्वारा में तैयार नहीं किया गया था। किसी के घर में रस्म पगड़ी का समारोह था। वहां से प्रसाद गुरुद्वारा साहिब में भेजा गया था। उसे ग्रंथी सेवादार ने बुधवार की रात को बांटा था। बुधवार रात और वीरवार को प्रसाद खाने वालों की हालत बिगड़ने लगी। अफसरों को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से गुरुद्वारे के ग्रंथी द्वारा प्रसाद में कुछ मिलाने के फुटेज ंमिलने की बात कही जा रही है। इससे मामला संदिग्ध हो गया है। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई कि प्रसाद में क्या मिलाया गया था। सेहत विभाग ने प्रसाद का सैंपल लेकर उसे निरीक्षण के लिए भेज दिया है।
मृतक बलजीत सिंह की मां गुरजीत कौर वासी गुरुनानक नगर ने बताया कि बुधवार की शाम को उनके अलावा कई श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गए थे। माथा टेकने के बाद ग्रंथी ने सभी को प्रसाद दिया। देर रात को उसके बेटे बलजीत सिंह ने उल्टियां शुरू कर दीं। वीरवार सुबह उसे डॉक्टर के पास ले जा रहे थे तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। गुरजीत ने बताया कि प्रसाद खाने के बाद लोगों का मुंह सूखने लगा, घबराहट और उलटियां आने लगीं । वीरवार सुबह तक सभी लोग इसकी चपेट में आ चुके थे।
गुरुद्वारे की सीसीटीवी फुटेज में सेवादार प्रसाद में कुछ मिलाता दिखा
गुरुद्वारे का प्रसाद खाकर बच्चे की मौत
इसकी सूचना मिलते ही एसएसपी बटाला दीपक हिलौरी और डीसी प्रदीप अग्रवाल ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना। एसडीएम बटाला पृथी सिंह, एसएमओ डॉ.संजीव भल्ला और डीएसपी जुगराज सिंह गुरुद्वारा साहिब पहुंचे।
ग्रंथी परमजीत सिंह वासी गांव संगरावां के खिलाफ कत्ल समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ग्रंथी पुलिस हिरासत में है।
बलविंदर सिंह, एसआई, इंचार्ज पुलिस चौकी सिंबल
अस्पताल में भर्ती सभी लोगों का इलाज पूरी ईमानदारी से किया जा रहा है। सेहत विभाग ने प्रसाद का सैंपल ले लिया है । बीमार लोगों के ब्लड एवं यूरिन सैंपल लेकर निरीक्षण के लिए भेज दिए गए हैं। प्रसाद और खून के नमूनों के नतीजे आने के बाद ही पता चल पाएगा कि लोग प्रसाद खाकर बीमार हुए थे या फिर कोई अन्य कारण था। सात साल के रणबीर सिंह की गंभीर हालत में अमृतसर रेफर कर दिया गया है।
डॉ. संजीव भल्ला, एसएमओ, सिविल अस्पताल बटाला