चंडीगढ़। ठग ने बिजली का बिल अपडेट करने का झांसा देकर एक डॉक्टर के खाते से डेढ़ लाख रुपये उड़ा लिए। साइबर सेल थाना पुलिस ने सेक्टर-15 निवासी डॉ. रमन निझवां की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 6 अगस्त को उसे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से मैसेज आया। इसमें लिखा था कि उनका पिछले महीने का बिल अपडेट नहीं हुआ है, इसलिए उनके घर की बिजली काट दी जाएगी। कुछ समय बाद रमन को एक अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। उसने डॉक्टर को अपना मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए कहा। इसके लिए ठग ने डॉक्टर को क्विक सपोर्ट नाम से एक एप डाउनलोड करवाया। ठग ने डॉक्टर को 10 रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने कॉल काट दी। तभी रमन निझवां को उनके खाते से एक लाख 48 हजार 999 रुपये कटने का मैसेज आया। इसके बाद डॉक्टर ने साइबर सेल थाने को शिकायत दी। साइबर सेल आरोपी के खाते में हुई ट्रांजेक्शन की डिटेल्स खंगाल रही है।