चंडीगढ़। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन छात्रसंघों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। विद्यार्थियों ने जमकर नारेबाजी की। सेक्टर-11 के पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज और 26 के श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज में विद्यार्थी संगठनों ने शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं, डीएवी-10, जीजीएसडी-32 और अन्य छह कॉलेजों में छात्र नेताओं ने व्यक्तिगत रूप से प्रचार किया।
सुबह 11.15 पर एसजीजीएस कॉलेज कैंपस में एक ओर सीएसएफ के विद्यार्थियों ने नारे लगाने शुरु किए तो दूसरी ओर केसीएसयू ने भी प्रदर्शन शुरू किया। उम्मीदवारों को कंधों पर उठाते हुए विद्यार्थियों ने खूब नारेबाजी की और अपने संगठन के स्टिकर उड़ाए। वहीं, साढ़े 11 बजे सेक्टर 11 के कोएड कॉलेज में पुसू, सोई और जीजीएसयू गठबंधन के विद्यार्थियों ने कैंपस में अपनी रैली निकाली। इसके बाद एचएसए और एचपीएसयू गठबंधन के विद्यार्थी भी हरकत में आए। नेस कैफे के सामने नारे लगाते हुए कॉरिडोर में नारों की गूंज के साथ विद्यार्थियों ने कैंपस का चक्कर लगाया। प्रचार के बाद विद्यार्थियों ने कैंपस पर बिखरे स्टिकर को उठाकर सफाई भी की।
कॉलेज चुनाव की हॉटस्पॉट जगह डीएवी-10 में प्रचार के आखिरी दिन शांति बनी रही। विद्यार्थियों ने कक्षाओं में जाकर व्यक्तिगत प्रचार किया। वहीं, अन्य विद्यार्थियों ने इस बार किसी तरह के दंगे और झगड़े न होने पर संतुष्टि जताई।