चंडीगढ़। सपा सांसद व फिल्म अभिनेत्री जया बच्चन सोमवार को अपने नाम को बदलवाने को लेकर राज्यसभा में फिर से सभापति जगदीप धनखड़ से उलझ गई। इस दौरान उन्होंने एक ऐसी मांग कर डाली, जिसका जवाब जब मनोहर लाल ने दिया तो खुद जया के चेहरे पर भी मुस्कुराहट आ गई। हुआ यूं कि जगदीप धनखड़ ने सत्र के दौरान जया बच्चन को जया अमिताभ बच्चन के नाम से पुकारा। इस पर जया बच्चन ने आपत्ति जताई।
उन्होंने सभापति से कहा कि मेरा नाम बदलवा दीजिए। दरअसल वह चाहती है कि उन्हें उनके मूल नाम जया बच्चन के नाम से ही जाना जाए। उनकी इस आपत्ति पर सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि सदन में उसी नाम से बुलाया जाता है, जो उनके चुनाव सर्टिफिकेट में दिया जाता है। इसे बदला जा सकता है, मगर इसकी एक प्रक्रिया है, उसी के तहत नाम बदला जाएगा। इसके बाद धनखड़ ने कहा- आप सप्लिमेंट्री सवाल पूछें। उनके सवाल का जवाब देने के लिए धनखड़ ने जब आवास व शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल का नाम लिया तो जय बच्चन ने कहा कि इनके नाम के आगे भी इनकी पत्नी का नाम भी लगा दें। इस पर मनोहर लाल ने कहा- कि वह सुझाव दे रही हैं कि उन्हें अपने नाम के साथ अपनी पत्नी का नाम भी जोड़ लेना चाहिए। समस्या यह है कि अगर मैं ऐसा करना भी चाहूं तो मुझे इसके लिए अगले जन्म का इंतजार करना पड़ेगा। इसके बाद पूरे सदन में ठहाके लगने शुरू हो गए। खुद जया बच्चन भी हंस पड़ी। इस पर सभापति ने भी चुटकी ली और कहा कि यहां आश्वासन कमेटी बैठी है। आपने आश्वासन दिया है, अगले जन्म में भी आपने खुद को संसदीय परंपरा में डाल दिया है।
आरएसएस प्रचारक रहे मनोहर हैं अविवाहित
उल्लेखनीय है कि मनोहर लाल अविवाहित हैं। वह लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे हैं और उन्होंने शादी नहीं की है। 90 के दशक में वह भाजपा में शामिल हो गए थे। साल 2014 में वह सक्रिय राजनीति में आए और विधानसभा का चुनाव लड़ा। चुनाव जीतने के साथ वह हरियाणा के मुख्यमंत्री बने। लगातार दो बार सीएम बनने के बाद मनोहर लाल 2024 के लोकसभा चुनाव में करनाल से सांसद चुने गए। अब वह नरेंद्र मोदी की सरकार में आवास और शहरी विकास मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री हैं।