इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला प्रदेश के दौरे पर हैं। इसी कड़ी के तहत चौटाला ने क्षेत्र के अनेक कार्यक्रमों में पहुंचकर कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। इस दौरान चौटाला ने जेपी आंदोलन की याद तथा ताऊ देवी लाल के संघर्ष की याद दिलवाई।
उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस ने चाल खेलकर उन्हें जेल भेज दिया। जनता वर्तमान सरकार से परेशान है। इस समय कर्मचारी, व्यापारी व मजदूर हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है। जनता अब परिवर्तन चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में इनेलो की सरकार बनना तय है। अगामी विधानसभा चुनाव के समय वह कार्यकर्ताओं के बीच में मौजूद रहेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें जेल ही क्यों न तोड़नी पड़े।
पूर्व सीएम चौटाला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार आने पर ऐसी नीतियां बनाऊंगा जिसे कोई नहीं बदल सकेगा। चौटाला ने कहा कि कुछ गद्दार पार्टी छोड़कर कांग्रेस, भाजपा व दलों में गए थे। वे लोग वहां मलाई खाने के बाद यहां आने की सोचेंगे। लेकिन आप कार्यकर्ताओं से हाथ जोड़कर निवदेन करता हूं कि आगमी समय में उन्हें पार्टी में शामिल कराने की सिफारिश लेकर मत आना। इस दौरान चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें जेल भेजने के बाद अफवाह उड़ाई कि इनेलो खत्म हो जाएगी, लेकिन आप मेहनती कार्यकर्ताओं ने इनेलो को मजबूत बनाए रखा। इस मौके पर उनके साथ पूर्व विधायक निशान सिंह, जिला प्रधान बलविंद्र सिंह कैरों, हलका प्रधान हरि सिंह डांगरा, कुनाल कर्ण सिंह, जगदीश पाहवा, बलदेव सैनी, जोनी मैहता, राजेंद्र बल्ली, सेवा सिंह गिल, धर्मवीर, महेंद्र सैनी, बलवीर शर्मा, कुलदीप सैनी, राममेहर कन्हड़ी, अमृत सैनी आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।