15 अगस्त की रात से पेट्रोल सस्ता होने के बावजूद पंप मालिक द्वारा पुराने रेट से ही पेट्रोल भरने पर वीरवार को गांव छापा में हंगामा हो गया। भड़के ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया और पंप मालिक को डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वसूले गए पैसे को गांव के स्कूल के विकास में लगाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार गांव छापा में भारत पेट्रोलियम कंपनी के धूरी बस सर्विस फिलिंग स्टेशन का मालिक पुराने रेट के हिसाब से ही पेट्रोल भर रहा था। भारतीय किसान यूनियन एकता (डकौंदा) की ग्रामीण इकाई ने मामला ब्लॉक प्रधान जगराज हरदासपुरा और भाग सिंह कुरड़ के सामने रखा। इस पर यूनियन की टीम ने खुद पंप पर जाकर पड़ताल की और वहां से पेट्रोल डलवाया। पंप मालिक ने पुराने रेट से पेट्रोल डाला तो उसे नए रेट लागू होने के बारे में जानकारी दी गई। इस पर वह बदतमीजी करने लगा।
भड़के लोगों ने गांव के गुरुद्वारा साहिब के स्पीकर से अनाउंसमेंट करवाकर लोगों से मसले के खिलाफ लामबंद होने का आह्वान किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान यूनियन के नेतृत्व में इकट्ठे हो गए और पंप पर धरना देना शुरू कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस और फूड सप्लाई विभाग की टीम भी पहुंच गई। प्रदर्शनकारियों ने पंप को सील करने और पंप मालिक के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।
इस दौरान पंप मालिक ने माफी मांगी। इसके बाद सभी ग्रामीणों और यूनियन नेताओं ने फैसला लिया कि पंप मालिक डेढ़ लाख रुपये जुर्माना भरे। इसके बाद यूनियन के इकाई नेताओं और गण्यमान्य ग्रामीणों की मौजूदगी में पंप मालिक से जुर्माना वसूला गया, जिसे गांव के स्कूल के विकास में लगाया जाएगा। इस मौके पर किसान जत्थेबंदी के नेता मलकीत सिंह महिलकलां, जगराज हरदासपूरा, भाग सिंह कुरड़, जंग सिंह मांगेवाल, तरसेम सिंह, जसवंत सिंह और अमर सिंह छापा मौजूद रहे।