पुरानी पेंशन बहाली को लेकर हरियाणा के विभिन्न जिलों में पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति के बैनर तले भूख हड़ताल की गई। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने जिला मुख्यालयों के सामने बैठकर भूखहड़ताल की।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यह एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल थी। सरकार ने इस मामले में कोई सकारात्मक रूख न अपनाया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
आंदोलन तेज करने की कड़ी में समिति अब चंडीगढ़ में चार राज्यों हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और राजस्थान के सरकारी कर्मचारियों की बड़ी रैली की भी योजना बनाई जा रही है। जबकि इसी के तहत हर जिले में रोष प्रदर्शन भी किए जाएंगें। इस दौरान विधायकों व सांसदों के आवास पर प्रदर्शन की भी रणनीति तैयार की जा रही है।
प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र धारीवाल और उपाध्यक्ष कमलदीप हुसैनी ने बताया कि उनके इस संघर्ष में हरियाणा के 17 से अधिक विभागों का समर्थन मिल चुका है और इन विभागों के कर्मचारियों ने भी इस साकेंतिक भूखहड़ताल में भाग लिया है।
उनके अनुसार इस आंदोलन के लिए अब हरियाणा समेत अन्य राज्यों के सरकार विभागों से भी संपर्क किया जा रहा है, क्योंकि ये आंदोलन राष्ट्रव्यापी है।
इस संघर्ष में विभिन्न विभागों के साथ-साथ हरियाणा कर्मचारी महासंघ, हरियाणा प्राथमिक शिक्षक संघ, हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन, हरियाणा अनुसूचित अध्यापक संघ, हरियाणा कॉलेज टीचर एसोसिएशन, हरियाणा पब्लिक हेल्थ, बिजली निगम कर्मियों की एसोसिएशन ने भी समर्थन का ऐलान किया है।