चंडीगढ़। पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पेक) जल्द ही ऑफलाइन कक्षाएं शुरू कर सकता है। इसकी तैयारी चल रही है। पहले चरण में कॉलेज प्रशासन नए दाखिले करेगा और उसके बाद कक्षाएं लगाएगा। ऑफलाइन कक्षाएं लगने पर छात्रावास भी खोले जाएंगे।
कोरोना के कारण पेक में भी लगभग दो साल से कक्षाएं ऑनलाइन लगाई जा रही हैं। कुछ छात्राओं की कक्षाएं ऑफलाइन शुरू करने की योजना पहले बनी थी, लेकिन कारगर नहीं हो पाई। हालांकि पेक ने छात्रों की परीक्षाएं ऑफलाइन कराई और वह कारगर भी रही हैं। इसी को देखते हुए अब ऑफलाइन कक्षाएं लगाने की योजना बन रही है। जानकारों का कहना है कि अब कोरोना के केस चंडीगढ़ में एक या दो ही आ रहे हैं। इससे लग रहा है कि हालात सामान्य हैं। ऐसे में कक्षाएं ऑफलाइन शुरू हो सकती हैं। इसी के साथ प्रयोग भी शुरू होंगे और छात्रावास भी खुल सकेंगे। इससे पहले पेक की ओर से नए सत्र के दाखिले किए जाएंगे। बीटेक में 600 से अधिक युवाओं के दाखिले होंगे। यह दाखिले जेईई परीक्षा के जरिए किए जाते हैं, जो उनकी मेरिट के आधार पर तय होते हैं।