सरकार ने जारी किए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सरकार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से कांवड़ लेकर निकलने वाले श्रद्धालुओं के रास्तों के गड्ढों को तुरंत भरने के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं ताकि कांवड़ यात्रा को लेकर किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित न हो।प्रवक्ता ने बताया कि इस संबंध में यमुनानगर में अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा भी की गई। प्रवक्ता ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान डयूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर उन्हें 24 घंटे निगरानी करने और सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। बिजली बोर्ड के अधिकारी को जिले में जिन रास्तों से कांवड़िए गुजरेंगे उन रास्तो पर बिजली का विशेष प्रबंध करने को कहा है, ताकि अंधेरे में कांवड़ियों को दिक्कत न आए। पीडब्लयूडी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों के रास्ते में आने वाली सड़कों के गड्ढों को तुरंत भरवाना सुनिश्चित करें। इसके अलावा रादौर में बन रही सड़क को दो दिन के अंदर पूरा करें ताकि सड़क के बाई ओर का स्थान कांवड़ियों के लिए रखा जा सके।
मुख्य मार्गों पर एंबुलेंस का प्रबंध करने को स्वास्थ्य विभाग को निर्देश
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी 15 जुलाई तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्य मार्गों पर एंबुलेंस का प्रबंध करें और एंबुलेंस टीम पुलिस के बुलावे पर प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत पंहुचने के निर्देश दिए। शिविर साफ सुथरे होने चाहिए तथा स्वच्छ पीने के पानी और शौचालय व्यवस्था भी होनी चाहिए। शिविर के आस-पास शराब का ठेका नहीं होना चाहिए और न ही कोई मीट की दुकान हो। कावड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।