फेसबुक पर टिप्पणी के मामले में माफी मांगते अफसर
हिंदू देवताओं के खिलाफ नवंबर में फेसबुक पर टिप्पणी करने के मामले में एडीए (असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटार्नी) सुखदेव सिंह ने भारत माता मंदिर में माफी मांग ली। इस पर वकील भाईचारे ने आरोपी एडीए के खिलाफ की शिकायत को वापस लेने का फैसला किया है।
जानकारी के अनुसार शिकायत करने के बाद डीसी मोगा संदीप हंस ने एडीए सुखदेव सिंह को अपने पास बुलाया था और उन्हें चेताया था कि अगर जल्द ही वह इस मामले में वकील भाईचारे के साथ समझौता नहीं करते तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होना तय है। इस पर एडीए सुखदेव सिंह ने वकील भाईचारे की मौजूदगी में भारत माता मंदिर में भगवान राम और हनुमान जी की मूर्ति के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी।
भगवान राम और हनुमान के खिलाफ टिप्पणी की थी
27 नवंबर 2018 को मोगा के असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटार्नी सुखदेव सिंह ने अपनी फेसबुक आईडी पर भगवान राम और हनुमान के खिलाफ टिप्पणी की थी। एतराज आने पर एडीए ने अपनी फेसबुक वॉल से पोस्ट को डिलीट तो कर दिया था, लेकिन वह अपनी गलती मानने को तैयार नही थे। इस पर वकील भाईचारे ने एक बैठक कर डीसी मोगा, एसएसपी मोगा, डायरेक्टर प्रोसीक्यूश्न एंड लिटीगेशन चंडीगढ़, चीफ जस्टिस पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट व एडीशनल चीफ सेक्रेटरी निर्मलजीत सिंह कलसी को लिखित शिकायत भेज एडीए के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का केस दर्ज करने और उन्हें तुरंत प्रभाव से एडीए के पद से खारिज करने की मांग की थी।
जगरांव के डीए लीगल की दखल के बाद वकील भाईचारे ने आरोपी एडीए को भगवान की मूर्ति के सामने खड़ा होकर माफी मांगने की शर्त रख दी। शिकायत करने वाले एडवोकेट गोपाल कृष्ण बांसल ने कहा कि एडीए सुखदेव सिंह ने कुछ दिन पहले उनसे माफी मांगने की बात कही थी, लेकिन उन्हें इस बात पर सहमति नही जताई। बांसल के अनुसार आरोपी ने भगवान के खिलाफ टिप्पणी की है तो वह माफी भी भगवान से ही मांगे। भगवान देखेगा कि माफी देनी है या नही, हम कौन होते है माफी देने वाले।
...समझौते का पेश करना होगा सबूत
जानकारी के अनुसार अब एडीए सुखदेव सिंह डीसी मोगा को बताएंगे कि उन्होंने वकील भाईचारे के साथ उक्त मामले को लेकर समझौता कर लिया है। समझौते का एडीए को सबूत भी पेश करना होगा, जिसके बाद ही एडीए का छुटकारा संभव होगा।