चंडीगढ़। सिटी ब्यूटीफुल के गांवों की मार्केट में ऑड-ईवन का ख्याल बहुत ही कम है। कई दुकानें लगातार खुली तो कई लगातार बंद हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन बहुत कम हो रहा है। कुल मिलाकर गांवों की दुकानों में नंबरिंग नहीं होने के कारण भी यह स्थिति है। दुकानदारों को पता ही नहीं कि उनकी दुकान का नंबर क्या है। मलोया, बडहेड़ी, बुटेरला, बुड़ैल, धनास सहित अन्य कई गांव का यही हाल है।
बडहेड़ी में कई दुकानें बंद हैं। जो दुकानदार पंचकूला या मोहाली में रहते हैं उनकी दुकानें बंद हैं। पंचकूला और मोहाली से आना-जाना फिलहाल मुश्किल हो रहा है।
बुड़ैल में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न के बराबर है। दुकानें खुली हैं। बुड़ैल की न्यू एकता मार्केट शॉप कीपर्स एसोसिएशन के प्रधान भारत भूषण कपिला और चेयरमैन भूपेंद्र शर्मा का कहना है कि नंबरिंग न होने के कारण थोड़ी दिक्कत आई है। दुकानदारों की अपनी समझ के आधार पर एक छोड़कर दुकान खोलनी चाहिए। हम सबको प्रशासन के निर्देशों का पालन करना चाहिए।
वार्ड नंबर 10 के पार्षद और शिअद के प्रदेश अध्यक्ष हरदीप सिंह बुटेरला का कहना है कि गांव में जो भी दुकानें हैं उसमें नंबरिंग नहीं है। इसके कारण यह दिक्कत आ रही है। अगली नगर निगम सदन की बैठक में गांव की दुकानों पर नंबरिंग हो इसकी मांग उठाएंगे। हरदीप सिंह ने कहा कि सभी दुकानदारों को आपसी सहमति से दुकानें खोलनी चाहिए। ऐसा होना चाहिए कि एक खुले और दूसरी दुकान बंद रहे। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग बरकरार रहेगी और परेशानी कम रहेगी।