चंडीगढ़। मलोया में हाउसिंग बोर्ड के खाली मकान में एक महिला की ओर से अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला ने कुछ लोगों के साथ मिलकर वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट की और ताले तोड़कर मकान पर कब्जा कर लिया। मलोया थाना पुलिस ने महिला व अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक हाउसिंग बोर्ड की ओर से मलोया में काफी लोगों को मकान अलॉट हुए हैं। इनमें गीता नाम की एक महिला के दस्तावेज पूरे नहीं होने के कारण उसे मकान अलॉट नहीं हो सका था। बीते 20 अगस्त को महिला ने शाम के समय कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर एत ग्राउंड फ्लोर पर के मकान का ताला तोड़कर जबरन अंदर घुसकर कब्जा कर लिया। इस दौरान वहां तैनात गार्ड ने महिला व अन्य को रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इसकी सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को मकान से बाहर निकाल दिया लेकिन वह बाद में फिर मकान में पहुंच गई। इसके बाद पुलिस व हाउसिंग बोर्ड के कर्मचारी वहां गए लेकिन महिला ने अंदर से कुंडी नहीं खोली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।