चंडीगढ़। सेक्टर-38ए में गैस सिलिंडर की सप्लाई देने वाले व्यक्ति से चाकू की नोक पर दो बदमाश 15 हजार रुपये और पर्स लूट कर फरार हो गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में सेक्टर-39 थाने में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता सुरेंद्र सिंह निवासी ड्डडूमाजरा ने बताया कि वह परम गैस एजेंसी में रसोई गैस सिलिंडर सप्लाई करता है। रविवार को वह सेक्टर-38ए में सप्लाई देने गया था। उसके साथ हेल्पर संजय भी था। इसी बीच उनके टेंपो के आगे अचानक एक बाइक आकर रुकी। बाइक से उतरे युवक उनके पास आए। एक ने पूछा कि भरा सिलिंडर मिलेगा क्या तो उसने हां बोल दिया। इसके बाद एक लड़के ने उसकी गर्दन पर चाकू रख गाड़ी से बाहर आने के लिए कहा, जबकि दूसरे ने उसकी कमीज के ऊपर वाले जेब में रखे 15 हजार रुपये और पर्स निकाल लिया। पर्स में कई जरूरी भी दस्तावेज थे। युवकों ने धमकी दी कि चिल्लाया तो काट देंगे। इससे वह घबरा गया और आरोपी भाग निकले। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस पीसीआर व स्थानीय थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि आरोपियों के बाइक नंबर से पता लगाया जा सके।