चंडीगढ़। सेक्टर-26 में ऑटो चालक और उसके दो साथियों ने मिलकर शिमला के एक युवक से 40 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने उसका गला दबाने का प्रयास किया और बोतल से हमला कर घायल कर दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी भाग गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हिमाचल प्रदेश के शिमला निवासी 26 वर्षीय हेमराज शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे सेकेंड हैंड कार खरीदने के सिलसिले में चंडीगढ़ आया था। उसे हल्लोमाजरा में अपने परिचित के घर जाना था। ट्रांसपोर्ट लाइट पॉइंट के पास ऑटो का इंतजार करते समय एक ऑटो रिक्शा उसके पास रुका जिसमें पहले से दो युवक सवार थे। हेमराज भी उसी ऑटो में बैठ गया।
पीड़ित के मुताबिक रास्ते में ऑटो चालक एक चाय की दुकान पर रुका जहां तीनों युवकों ने चाय पी और धूम्रपान किया। इसके बाद हल्लोमाजरा की ओर जाते समय दोनों युवकों ने उसे दबोच लिया। एक आरोपी ने कपड़ा उसके गले में डालकर गला दबाने की कोशिश की, जबकि कुछ देर बाद ऑटो चालक ने वाहन रोककर बोतल से उसकी आंख के पास वार कर दिया। आरोपियों ने उसकी जेब से 40 हजार रुपये नकद और अन्य जरूरी दस्तावेज छीन लिए तथा मौके से भाग गए। घटना के बाद घायल हेमराज ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने उसे सेक्टर-16 स्थित जीएमएसएच में भर्ती कराया। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।