चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 के नर्सिंग स्टाफ ने मंगलवार से यूनिफॉर्म कोड के बहिष्कार का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत नर्सिंग स्टाफ बिना यूनिफॉर्म के ड्यूटी करेंगे। नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डबकेश कुमार का कहना है कि अस्पताल प्रशासन पंजाब के नियम के अनुसार हमें यूनिफॉर्म धुलाई भत्ता नहीं दे रहा, जबकि केंद्र के मानक के अनुसार हम पर यूनिफॉर्म पहनने का आदेश लागू किया जा रहा है। एक संस्थान में इस तरह के दोहरे मानकों का पालन संभव नहीं है। ऐसी नीतियों के कारण ही नर्सिंग स्टाफ लगातार शोषण का शिकार हो रहा है। वेतन से लेकर अवकाश और ड्यूटी तक में उन्हें अलग-अलग तरीके से परेशान करने का काम किया जा रहा है, इसलिए अब विरोध करने का निर्णय लिया गया है। अगर अस्पताल प्रशासन हम पर यूनिफॉम पहनने का दबाव बनाता है तो उसके लिए केंद्र के मानक के अनुसार, हमें 1800 रुपये धुलाई भत्ता देना होगा अन्यथा नर्सिंग स्टाफ बिना यूनिफॉर्म ड्यूटी करेगा।