त्योहारों के सीजन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा सर्दी के मौसम में कोरोना मामलों में वृद्धि होने की आशंका के चलते हरियाणा में अब मास्क न पहनने वालों के खिलाफ और सख्ती बढ़ेगी। मुख्य सचिव विजय वर्धन ने जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को लोगों को जागरूक करने, टेस्टिंग में वृद्धि करने और मास्क न पहनने वालों के खिलाफ चालान ड्राइव में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मुख्य सचिव ने उपायुक्तों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने-अपने जिला के सीएमओ को निर्देश जारी करें कि जब भी कोविड-19 पॉजीटिव मरीज को होम आइसोलेशन की सलाह दी जाती है, उस समय उन्हें कोविड किट के साथ पल्स ऑक्सीमीटर अवश्य दिया जाए।
उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि मास्क न पहनने वालों के चालान करने की प्रक्रिया को सख्ती से अमल में लाया जाए। ग्रामीण क्षेत्र में मास्क न पहनने वालों के चालान करने के अधिकार कानूनगो, पटवारी और ग्राम सचिवों को दिए जाएं। विजय वर्धन ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए बाजारों में भीड़भाड़ न हो इसके आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
यदि संभव हो तो बाजार से थोड़ा दूर अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था की जाए ताकि दुकानों के आगे अधिक भीड़ न हो। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि सभी बैंक्वेट हॉल, होटल, फार्म हाउस संचालकों को समझाएं कि वह अपने परिसरों में ज्यादा भीड़ इकट्ठा न होने दें। उन्होंने प्रदेश में चलाए जा रहे कोविड ऐप्रोप्रिऐट व्यवहार अभियान को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए विशेष तौर पर पुलिस, शहरी स्थानीय निकाय और विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव का सबसे अहम उपाय सावधान और सतर्क रहना है।
इसके लिए लोगों के व्यवहार में परिवर्तन लाने की आवश्यकता है ताकि लोग इस संकट के समय की गंभीरता को समझें और सरकार द्वारा समय-समय पर जारी किए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि कोविड के लिए 35 प्रतिशत रैपिड एंटीजन टेस्ट और 65 प्रतिशत आरटीपीसीआर टेस्ट किए जाएं। इसके साथ ही कोई भी पॉजीटिव व्यक्ति मिलता है तो 72 घंटे के अंदर उसके संपर्क में आने वाले कम से कम 15 लोगों की सूचना एकत्र करें।
समय से इन लोगों की ट्रेसिंग कर इनका टेस्ट किया जाए। गृह और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए सभी जिलों में कोविड टेस्टिंग बढ़ाई जा रही है। लोगों को जागरूक करने के लिए जिला स्तरीय आईईसी अभियान लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में होम आइसोलेशन का अनुपात 72 प्रतिशत है और रिकवरी दर 89.96 प्रतिशत है।