यूटी प्रशासन शहर की सांसद और फिल्म अभिनेत्री किरण खेर को दिवाली का तोहफा देने की तैयारी में है। प्रशासन ने सांसद को उनके वाहन पर लाल बत्ती लगाने के आवेदन को मंजूर कर लिया है।
इस संबंध में दस्तावेज तैयार हो चुके हैं। प्रशासक के सलाहकार विजय कुमार देव के विदेशी दौरे से लौटते ही इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी कर दी जाएगी।
चंडीगढ़ के इतिहास में पहली बार होने जा रहा है, जब शहर के सांसद को वाहन पर लाल बत्ती लगाने की मंजूरी दी जाएगी। जानकारी अनुसार कुछ समय पहले सांसद किरण खेर ने यूटी प्रशासन को वाहन पर लाल बत्ती लगाने की अनुमति देने की मांग की थी।
सूत्रों के अनुसार मामले में यूटी प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की गठित कमेटी ने सांसद को लाल बत्ती लगाने की अनुमति पर मुहर लगा दी है। यूटी ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी विक्रम देव दत्त ने इस संबंध में ट्रांसपोर्ट विभाग को चिट्ठी भी जारी कर दी है।
गौरतलब है कि 2014 में सांसद बनने के बाद किरण खेर ने पूर्व डीसी मोहम्मद शाइन से लाल बत्ती लगाने की अनुमति मांगी थी। लेकिन यूटी प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट आदेशों का हवाला देते हुए सांसद को लाल बत्ती लगाने की अनुमति देने से इंकार कर दिया था।
गौरतलब है कि सांसद के अनुरोध पर ही पहली बार यूटी प्रशासन ने किरण खेर को सेक्टर-7 में सरकारी मकान कोठी भी अलॉट की गई थी।