चंडीगढ़। प्रतीक्षा सूची कम करने के लिए पासपोर्ट कार्यालय शनिवार को भी खुला रहेगा। इस दिन 70 प्रतिशत कार्य तत्कालीन और 30 प्रतिशत कार्य सामान्य रूप से रहेंगे। इस दौरान सभी पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र पर सुविधाएं बंद रहेंगी।
पासपोर्ट कार्यालय की ओर से जारी किया गया है कि आवेदक एक बार ही अपनी तारीख को पोस्टपोन कर सकता है। बदली गई तारीख पर आवेदक नहीं पहुंचा तो उसे दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा। ज्ञात हो कि कोविड के बाद से ही पासपोर्ट ऑफिस में वेटिंग काफी ज्यादा हो गई थी। दूसरी ओर कुछ देशों में विद्यार्थियों को दाखिले के लिए 2 बार प्रक्रिया होती थी जिसे बढ़ाकर अब तीन बार तक कर दिया गया है इसलिए पासपोर्ट ऑफिस में अचानक दबाव बढ़ गया है। दीपावली से पहले सामान्य पासपोर्ट की वेटिंग 2 माह से अधिक हो गई थी, वहीं तत्काल पासपोर्ट बनवाने की वेटिंग एक माह से अधिक की थी। इसके बाद रीजनल पासपोर्ट ऑफिसर सिबास कविराज ने प्रतिदिन 2500 पासपोर्ट बनाने की क्षमता को 4 हजार तक कर दिया था, वहीं जिन्हें बहुत जरूरी था उन्हें अपने कोटे से जल्दी से जल्दी पासपोर्ट बनाने में मदद करवाई थी।