अब चंडीगढ़ के लोग हाउस टैक्स ऑनलाइन जमा करा सकते हैं, लेकिन ऐसा करने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। प्रशासन ने आनलाइन हाउस टैक्स जमा कराने की सुविधा लॉन्च कर दी है। इसके लिए शहरवासी www.sampark.chd.nic.in पर लॉग ऑन कर सकेंगे। लेकिन क्रेडिट, डेबिट और इंटरनेट बैकिंग का प्रयोग करने वालों पर अलग से चार्ज लगेगा। इसके साथ ही उस चार्ज पर अलग से 14 प्रतिशत सर्विस टैक्स भी लगेगा।
यह सुविधा सलाहकार विजय देव ने सेक्टर-18 के टैगोर थिएटर में लॉन्च की। यह सुविधा 24 घंटे मिलेगी। प्रशासन की सूचना के अनुसार इंटरनेट बैंकिंग से हाउस टैक्स अदा करने पर 10 रुपये प्रति घर अतिरिक्त अदा करने होंगे। जबकि डेबिट कार्ड से दो हजार तक का हाउस टैक्स जमा कराने पर 0.75 प्रतिशत सर्विस चार्ज लगेगा।
जबकि दो हजार से ज्यादा का हाउस टैक्स जमा होने पर 1 प्रतिशत सर्विस चार्ज लगेगा। क्रेडिट कार्ड से हाउस टैक्स जमा होने पर एक प्रतिशत सर्विस चार्ज अदा करना पड़ेगा। मालूम हो कि इस समय शहरवासी 10 अक्तूबर तक अगर हाउस टैक्सा जमा करते हैं तो उन्हें 40 प्रतिशत तक छूट मिलेगी।
इसके बाद 9 दिसंबर तक टैक्स जमा कराने पर 30 और उसके दो माह तक 8 फरवरी तक हाउस टैक्स जमा कराने पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी।