सिनेमा/मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखना अब महंगा हो गया है। यूटी प्रशासन ने मल्टीप्लेक्स मालिकों को टिकट के रेट बढ़ाने की अनुमति दे दी है। दो मल्टीप्लेक्स ने तो टिकट 30 से 40 रुपये तक महंगे भी कर दिए हैं। जबकि अन्य मल्टीप्लेक्स बढ़ाने की तैयारी में हैं।
पिछले तीन वर्षों से टिकट के रेट नहीं बढ़ाए गए थे। मल्टीप्लेक्स मालिक लंबे समय से टिकट के रेट बढ़ाने की अपील प्रशासन से कर रहे थे। रेट बढ़ाने के पीछे रेंट, इलेक्ट्रिसिटी रेट बढ़ने और डोल्बी साउंड जैसी सुविधाएं मुहैया कराए जाने पर होने वाले खर्च का हवाला दिया जा रहा था। डीसी अजीत बालाजी जोशी ने मल्टीप्लेक्स मालिकों की मांग को वाजिब मानते हुए टिकट के रेट बढ़ाने की अनुमति दे दी।
इससे पहले कई बार मल्टीप्लेक्स मालिकों के साथ डीसी की मीटिंग भी हुई। रेट बढ़ाने के पीछे सिनेमा/मल्टीप्लेक्स के सामने प्रशासन ने प्रति टिकट पर 1 रुपया रेडक्रॉस को दिए जाने की शर्त भी रखी थी। रेट बढ़ोतरी के बाद अब हर टिकट पर 1 रुपया रेडक्रॉस को मिलेगा।
रोजाना रेडक्रॉस के लिए जुटेगा 30 हजार का फंड
चंडीगढ़ में सभी मल्टीप्लेक्स/सिनेमा की कुल 29 स्क्रीन हैं। एक स्क्रीन पर एक समय में लगभग 300 लोग फिल्म देख सकते हैं। सभी स्क्रीनों पर एक समय में करीब 8700 लोग फिल्म देखते हैं। बात पूरे दिन की करें तो एक दिन में चार से पांच शो एक स्क्रीन पर फिल्म के चलते हैं। ऐसे में चार शो के हिसाब से रोजाना 34 हजार रुपये के करीब जुटेंगे। यह पैसा रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सेवाओं पर खर्च होगा।
150 की टिकट अब हुई 180 की
मल्टीप्लेक्स ने रेट दिन और समय के हिसाब से रिवाइज किए हैं। सप्ताह के पहले तीन से चार दिनों में दोपहर 12 बजे से पहले के शो की टिकट में कुछ कम बढ़ोतरी हुई है। जबकि सप्ताह के आखिर दिनों में टिकट 40 रुपये तक महंगे हुए हैं। 150 रुपये की टिकट 180 तो 200 की टिकट 230 रुपये की हो गई है।