शहर के विभिन्न फेजों के लोगों को अब अपनी जरूरत का सामान खरीदने के लिए विभिन्न मार्केटों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें अपने ही फेज में सारा सामान मिल सकेगा। इससे उनके समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
यह संभव होने जा रहा है शहर के विभिन्न फेजों में बनी बूथ मार्केटों के शुरू होने से। गमाडा ने बूथ विजेताओं को पजेशन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीद है कि आने वाले समय में जल्दी ही सारी दुकानें खुल जाएंगी।
गमाडा ने कुछ समय शहर में सर्वे करवाया था, जिसमें सामने आया था कि शहर के काफी पहले बसे फेजों और नए सेक्टरों में मार्केट नहीं है। लोगों को छोटे से छोटा सामान खरीदने के लिए पांच से दस किलोमीटर का सफर करना पड़ता है।
इसके बाद गमाडा ने पहली बार शहर में बिल्ट-अप-बूथ बनाने का प्रस्ताव तैयार किया, जिसे राज्य सरकार की तरफ मंजूरी मिली। इसके बाद चंडीगढ़ की तर्ज पर जिन सेक्टरों में कोई मार्केट नहीं थी। वहां पर बिल्ट-अप-बूथों की स्कीम निकाली गई।
इसके पहले चरण में 700 बूथों की स्कीम निकाली गई, जबकि दूसरे चरण में 279 बूथों की स्कीम निकाली गई। गमाडा अधिकारियों के मुताबिक बूथ मालिकों को बूथों के पजेशन देने का काम आखिरी चरण में पहुंच गया है। उम्मीद है कि अब दुकानदार जल्दी ही अपना व्यापार शुरू कर पाएंगे।
मार्केट तैयार, लेकिन पहुंचने के लिए रास्ता नहीं
गमाडा ने शहर के विभिन्न फेजों में मार्केट तो बना दी है, लेकिन अभी भी कई मार्केट ऐसी हैं, जहां तक ग्राहकों को पहुंचने के लिए परेशानी उठानी पड़ेगी। क्योंकि वहां तक पहुंचने के लिए सीधा रास्ता कोई नहीं है। यह समस्या सेक्टर-67 और नए सेक्टरों में आ रही है। लोगों ने गमाडा से तुरंत सुधार करने की मांग की है।