कैबिनेट मंत्री ने सी-पाइट कैंपों को और मजबूत करने के दिए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। राज्य के युवाओं का सेना और अर्ध सैनिक बलों में जाना आसान होगा। युवाओं की बलों में भर्ती के लिए गठित सी-पाइट कैंपों को और मजबूत किया जाएगा। इनकी संभावनाओं की समीक्षा के लिए सर्वेक्षण करवाया जाएगा। यह बात पंजाब के रोजगार उत्पत्ति, कौशल विकास और प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने कहीं। इस दौरान वह विभाग के सीनियर अधिकारियों से मीटिंग कर रहे थे। उन्होंने डायरेक्टर जनरल सी-पाइट मेजर जनरल (सेवामुक्त) रामबीर सिंह मान को मौजूदा सी-पाइट कैंपों की कायाकल्प करने के भी निर्देश दिए। इसके लिए राज्य सरकार की तरफ से अपेक्षित बजट अलॉट किया जाएगा। क्योंकि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार नौजवानों को रोजगार के अधिक से अधिक मौके प्रदान करने के लिए पुरजोर यत्न कर रही है। पंजाब कौशल विकास मिशन के कामकाज का जायजा लेते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि मिशन का मुख्य उद्देश्य नौजवानों को प्रशिक्षण के साथ उद्योग की जरूरतों के मुताबिक कुशल बनाना है। जिससे वे बेहतर रोजगार हासिल करने के योग्य बन सकें। उन्होंने अधिकारियों को उद्योग की जरूरतों अनुसार प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए भी कहा है। जिससे कुशल नौजवानों को नौकरियां प्राप्त करने के लिए किसी किस्म की मुश्किल का सामना न करना पड़े। नौजवानों को रोजगार के मौके मुहैया करवाने संबंधी चर्चा करते हुए रोज़गार उत्पत्ति मंत्री ने कहा कि सी-पाइट प्रशिक्षण नौजवानों को उनकी ऊर्जा को बेहतर ढंग के साथ सही दिशा में लगाने में मदद करेगा और उनको अनुशासित जीवन जीने का रास्ता दिखाएगा। मीटिंग में सचिव रोजगार उत्पत्ति कुमार राहुल, डायरेक्टर दीप्ति उप्पल, डायरेक्टर तकनीकी शिक्षा डीपीएस खरबन्दा, ज्वाइंट डायरेक्टर संजीदा बेरी और विभाग के अन्य सीनियर अधिकारी भी उपस्थित थे।