आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार और फिल्म अभिनेत्री गुल पनाग अब पार्टी की स्टार प्रचारक बन गई हैं। चंडीगढ़ में चुनाव समाप्त होने के बाद अब वे पंजाब, मुंबई व हिमाचल के आप उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगी।
गुल ने पंजाब के उम्मीदवार व पार्टी को सूचना दी है कि यदि कोई उम्मीदवार अपने चुनाव प्रचार के लिए उन्हें बुलाना चाहता है तो वे इसके लिए तैयार हैं।
पार्टी का आलाकमान मानता है कि जिस तरीके से गुल ने चंडीगढ़ में चुनाव लड़ा और मुकाबले को कड़ा बनाया है, वह काबिलेतारीफ है। पार्टी अब उनकी काबलियत का फायदा चंडीगढ़ से सटे पंजाब व हिमाचल में उठाना चाहता है।
उम्मीद जताई जा रही है कि दो से तीन दिन चंडीगढ़ में वक्त बिताने के बाद वे पंजाब के चुनावी समर में कूद जाएंगी। जब गुल चुनाव लड़ रही थी, तब पंजाब के कई उम्मीदवार गुल के प्रचार में शामिल हुए थे।
उनमें भगवंत मान और एचएस फुलका शामिल थे। दूसरी तरफ गुल पनाग का परिवार भी पंजाब में बसा हुआ है। उनका पैतृक गांव महादिया है, जो फतेहगढ़ साहिब से मात्र दो किलोमीटर पहले पड़ता है। वहां पर उनके दादा कर्नल शमशेर का नाम काफी सम्मान के साथ लिया जाता है।
पति के साथ पहुंची पार्टी कार्यालय
चुनाव खत्म होने के अगले दिन गुल पनाग अपने भाई व पति के साथ पार्टी कार्यालय सेक्टर 21 पहुंचीं। वहां पर उन्होंने पार्टी के वालंटियरों से मुलाकात की और उनसे फीडबैक के बारे में पूछा।
उसके बाद पार्टी कार्यालय में तैयार लंच उन्होंने पार्टी वर्करों व परिजनों के साथ किया। करीब एक घंटे पार्टी कार्यालय में समय बिताने के बाद वे वापस चली गईं।