अब कॉलेज जाने वाले छात्र- छात्राओं को फ्री वाई फाई का मजा मिलने वाला है, रिलायंस जियो का जलवा कॉलेज कैंपस में मिलेगा। पंजाब सरकार राज्य के सभी सरकारी आईटीआई, पालीटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों में मुफ्त वाई-फाई सुविधा मुहैया कराएगी। इसके लिए रिलायंस की सेवाएं ली जाएंगी। तकनीकी शिक्षामंत्री चरनजीत सिंह चन्नी ने बताया कि सरकारी तकनीकी संस्थानों में फ्री वाई-फाई सुविधा मुहैया कराने को रिलायंस जिओ के साथ समझौते पर दस्तखत किए गए हैं।
सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के कुशल नेतृत्व और परामर्श के तहत सभी सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, पालीटेक्निक और इंजीनियरिंग कॉलेजों के कैंपस में फ्री वाई-फाई सुविधा मुहैया कराने का फैसला लिया गया है। यह सुविधा सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में भी दी जाएगी। यह विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करेगी, नकदी रहित ट्रांजेक्शन और डिजिटलाइजेशन को भी प्रोत्साहित करेगी।
रिलायंस जिओ की ओर से सुविधा प्रदान करने के लिए ढांचा भी मुफ्त विकसित किया जाएगा। साजो-सामान और बिजली का खर्च भी कंपनी उठाएगी। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक पाबंदी शुदा वेबसाइट्स को रिलायंस ही ब्लॉक करेगी। चन्नी ने कहा कि सभी संस्थानों के प्रमुख को कहा गया है कि फ्री वाई फाई का ढांचा विकसित करने के लिए जगह मुहैया कराएं। उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाएं। समझौते पर विभाग के प्रमुख सचिव एमपी सिंह, सचिव केएस पन्नू, अतिरिक्त निदेशक मोहनबीर सिंह, रिलायंस जिओ के स्टेट हेड टीपीएस वालिया, मार्केटिंग हेड वैभव मेहराकी मौजूदगी में दस्तखत किए गए।